

सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले में बैरकपुर-कल्याणी एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित एक निजी अस्पताल का वर्षगांठ समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, चिकित्सकों और समाजसेवियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद तड़ित बरन तोपदार, बैरकपुर के पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता शीलभद्र दत्त, भाजपा प्रदेश चिकित्सा सेल के को-कन्वेनर डॉ. चंद्रमणि शुक्ला, अस्पताल के निदेशक बाबन दे, समाजसेवी सत्यजीत नट्ट, रोबिन माल और मौ गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
दिवंगत सत्यनारायण सिंह की स्मृति में विशेष केबिन
समारोह के अंत में राज्य के मंत्री अर्जुन सिंह के पिता, दिवंगत समाजसेवी एवं राजनेता सत्यनारायण सिंह की स्मृति में नामित एक विशेष केबिन का उद्घाटन किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस केबिन के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई है। पूर्व सांसद तड़ित बरन तोपदार, मंत्री अर्जुन सिंह, विधायक पवन सिंह और सुदीप्त दास की अनुशंसा पर मरीजों को इस केबिन में भर्ती कर इलाज की सुविधा दी जाएगी।
जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधा देना सराहनीय पहल
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री अर्जुन सिंह और पूर्व सांसद तड़ित बरन तोपदार ने अस्पताल प्रबंधन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। आर्थिक और अन्य परेशानियों के कारण इलाज से वंचित रहने वाले मरीजों को ऐसी पहल से मदद मिल सकती है।
अस्पताल प्रबंधन ने जताई प्रतिबद्धता
वहीं, अस्पताल के निदेशक बाबन दे ने अस्पताल की सेवाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विशेष केबिन की पहल को जरूरतमंद मरीजों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने अस्पताल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा प्रयास बताया।