

सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के दुर्गानगर में पूर्व पत्नी के दूसरे पति की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी टूटने के बाद भी पूर्व पत्नी के दूसरे व्यक्ति से विवाह करने की बात विश्वजीत बारुई बर्दाश्त नहीं कर सका। इसी रंजिश में उसने कथित तौर पर भाड़े के लोगों की मदद से अपनी पूर्व पत्नी के दूसरे पति की हत्या की साजिश रची। शनिवार देर रात सियालदह उत्तर शाखा के दुर्गानगर रेलवे गेट नंबर 4 के पास स्थित एक शराब के अड्डे पर हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान कमल मंडल (31) के रूप में हुई है। बारासात जीआरपी ने मामले की जांच के बाद मुख्य आरोपी विश्वजीत बारुई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल राजू सरदार की तलाश की जा रही है।
2013 में हुई थी शादी, 2025 में हुए अलग
रेलवे पुलिस सूत्रों के अनुसार, काकली ने वर्ष 2013 में पेशे से मजदूर विश्वजीत बारुई से शादी की थी। हालांकि, शादी के बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद और अशांति बनी हुई थी। आखिरकार वर्ष 2025 में दोनों अलग हो गये। इसके बाद काकली ने विश्वजीत के परिचित कमल मंडल से शादी कर ली। आरोप है कि काकली की दूसरी शादी के बाद से ही विश्वजीत कमल और काकली को लगातार धमकियां दे रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने कमल को रास्ते से हटाने की योजना बनायी।
धारदार हथियार से हमला
पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत शनिवार रात कमल को परिचितों के माध्यम से रेलवे लाइन के किनारे स्थित शराब के अड्डे पर बुलाया गया था। वहां विश्वजीत का परिचित राजू सरदार भी पहले से मौजूद था। रात करीब दो बजे कमल और विश्वजीत के बीच शराब पीने के दौरान किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गयी। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इसी दौरान राजू ने कथित तौर पर धारदार हथियार निकालकर कमल की गर्दन पर लगातार कई वार कर दिये। गंभीर रूप से घायल कमल खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गये।
तीन गिरफ्तार, राजू की तलाश में पुलिस
रविवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और कमल का शव बरामद किया। इसके बाद बारासात जीआरपी ने जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी विश्वजीत बारुई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला करने वाले राजू सरदार की तलाश में पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध शराब और जुए के अड्डों पर कार्रवाई की मांग
इस हत्या के बाद स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि दुर्गानगर रेलवे गेट के आसपास शाम ढलने के बाद अवैध शराब, जुआ और सट्टे के अड्डों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने इन गतिविधियों पर रोक लगाने और रात के समय पुलिस की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि रेलवे गेट के आसपास बढ़ती असामाजिक गतिविधियों के कारण इलाके में हिंसक घटनाओं की आशंका बनी रहती है।