खड़गपुर के कुछ शॉपिंग मॉलों में अग्निशमन व्यवस्था पर उठे सवाल, सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता

! जांच की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन
ज्ञापन के साथ दी गई तस्वीर जिसमें एक मॉल का आपातकालिन दरवाजा बंद दिखाई दे रहा है
ज्ञापन के साथ दी गई तस्वीर जिसमें एक मॉल का आपातकालिन दरवाजा बंद दिखाई दे रहा है
Published on: 

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के खड़गपुर शहर में शॉपिंग मॉलों समेत बहुमंजिला इमारतों की अग्निशमन और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शहर के कुछ लोगों ने इन व्यवस्थाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए दुर्घटना की आशंका पर चिंता जताई है। इस संबंध में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग, खड़गपुर टाउन थाना और महकमा शासक के कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर विभिन्न संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की गई।

ज्ञापन देने वालों का आरोप है कि शहर के कई बहुमंजिला शॉपिंग मॉल, नर्सिंग होम और होटलों में अग्निशमन उपकरणों तथा आपातकालीन निकास व्यवस्था की नियमित निगरानी नहीं हो रही है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से सभी संबंधित संस्थानों की अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास द्वार और सुरक्षा संबंधी अन्य इंतजामों की जांच करने की मांग की है। इस मामले में खड़गपुर के मालंचा स्थित एक शॉपिंग मॉल का उदाहरण भी सामने आया है। आरोप है कि मॉल की तीसरी मंजिल पर स्थित आपातकालीन दरवाजे को अंदर से बंद कर उस पर ताला लगा दिया गया था। ज्ञापन के साथ संबंधित दरवाजे की तस्वीर भी अधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि मामले की जांच की जा सके। ज्ञापन सौंपने वालों का कहना है कि शॉपिंग मॉल और अन्य सार्वजनिक इमारतों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। ऐसे में आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में सुरक्षित निकास की व्यवस्था दुरुस्त रहना बेहद जरूरी है। आपातकालीन दरवाजों का बंद रहना लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खड़गपुर शहर के सभी बहुमंजिला शॉपिंग मॉल, नर्सिंग होम और होटलों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही, जांच में यदि कोई अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News