

गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार न केवल अपनी ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के प्रति प्रतिबद्ध है, बल्कि पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के लिए 'एक्ट फास्ट’ (तेजी से कार्रवाई) के लिए भी दृढ़ संकल्पित है। मोदी ने पूर्वोत्तर के इन आठ राज्यों को भारत की 'अष्टलक्ष्मी' बताया - जो समृद्धि, धन और शुभता के बहुआयामी स्वरूप का प्रतिनिधित्व करती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन सिक्किम की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है। मोदी ने राज्य की स्थापना के 50 साल पूरे होने के समारोह के समापन कार्यक्रम में कहा कि उनकी सरकार का ध्यान कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर है, जिससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “सरकार सिक्किम के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से एक्सप्रेसवे का निर्माण और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के लिए गंगटोक में रिंग रोड का निर्माण शामिल है।” उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में रोपवे और स्काईवे परियोजनाएं विचाराधीन हैं, जबकि अधिक पर्यटकों की आमद सुनिश्चित करने के लिए नाथुला में एक एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा। मोदी ने कहा, “सिक्किम सहित पूर्वोत्तर भारत की 'अष्टलक्ष्मी' है। सरकार ‘एक्ट ईस्ट, एक्ट फास्ट’ के लिए दृढ़ संकल्पित है।” राज्य की जैव विविधता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “सिक्किम में प्रकृति और संस्कृति जीवंत हो उठती हैं। राज्य की सड़कों की स्वच्छता और वायु की शुद्धता दर्शाती है कि यहां के लोग प्रकृति संरक्षण के सच्चे प्रतीक हैं।”