चलती ऑटो में युवती से अश्लील हरकत, बचने के लिए सड़क पर कूदी

रवींद्र भारती विश्वविद्यालय की छात्रा ने चालक पर छेड़छाड़ का लगाया आरोप
चलती ऑटो में युवती से अश्लील हरकत, बचने के लिए सड़क पर कूदी
Published on

स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

बेलघरिया : रात में ऑटो से सफर कर रही रवींद्र भारती विश्वविद्यालय की एक छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने उसे परेशान करने के साथ बार-बार अश्लील तरीके से छुआ। युवती के विरोध के बावजूद चालक की हरकत नहीं रुकी तो उसने खुद को बचाने के लिए चलती ऑटो से छलांग लगा दी। घटना निमता थाना क्षेत्र के पठानपुर इलाके की है। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, काशीपुर सतचाषीपाड़ा इलाके के एक मेस से छात्रा नियमित रूप से ट्यूशन पढ़ाने जाती है। गुरुवार रात वह विराटी से गोलबागान जाने वाली ऑटो में सवार हुई थी। पीछे की सीट भरी होने के कारण उसे चालक के बगल वाली सीट पर बैठना पड़ा। आरोप है कि ऑटो के आगे बढ़ते ही चालक ने कोहनी से युवती को अश्लील तरीके से छूना शुरू कर दिया। पठानपुर पहुंचने तक उसकी हरकतें जारी रहीं। छात्रा ने कई बार आपत्ति जताते हुए उसे चेतावनी दी, लेकिन चालक नहीं माना। आखिरकार घबराकर युवती ने चलती ऑटो से छलांग लगा दी। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और चालक को पकड़ लिया। उसकी पहचान रवींद्रपल्ली हाटखोला निवासी कालाचांद मंडल के रूप में हुई है। लोगों ने उसे निमता थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया। घटना के बाद छात्रा ने महिलाओं की सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in