टोटो चालक की धारदार हथियार से हत्या, तालाब में मिला शव

टोटो में मिले खून के निशान, राजनीतिक रंजिश समेत कई पहलुओं की जांच
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

उत्तर 24 परगना : टोटो लेकर घर लौट रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव तालाब में फेंकने का मामला सामने आया है। गुरुवार को टाकी रोड किनारे तालाब से संजीत दास (29) का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान मिले हैं। संजीत नेताजीनगर के काजीपाड़ा के एक नंबर रेल गेट इलाके का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, बुधवार की रात पत्नी से फोन पर बातचीत के दौरान संजीत ने घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने बारासात थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी। जांच के दौरान मोबाइल की आखिरी लोकेशन गोलाबाड़ी पेट्रोल पंप के पास मिली। इसके आधार पर पुलिस ने इलाके में तलाश शुरू की। पुलिस टीम जब टाकी रोड पहुंची तो पास के तालाब में संजीत का शव पड़ा मिला। देगंगा के एसडीपीओ अमीनुल इस्लाम खान और सासन थाने के आईसी मोहम्मद आसिफ सानी समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव से करीब 500 मीटर दूर दत्तपुकुर थाना क्षेत्र में संजीत का टोटो भी बरामद हुआ। वाहन के अंदर खून के धब्बे मिलने से पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने टोटो में ही उस पर हमला किया होगा। हालांकि वारदात की पूरी कड़ी स्पष्ट करने के लिए जांच जारी है। इधर, मृतक के भाई तपन दास ने दावा किया कि संजीत भाजपा से जुड़ा था। परिवार को आशंका है कि राजनीतिक रंजिश के कारण उसकी हत्या की गयी। हालांकि पुलिस ने हत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है। व्यक्तिगत विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी सजा देने की मांग की है। बारासात, दत्तपुकुर और शासन थाने की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संजीत के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in