मूसलाधार बारिश से टीटागढ़-बैरकपुर बेहाल, घोला थाना तक जलमग्न

घोला थाना परिसर में भरा बारिश का पानी
घोला थाना परिसर में भरा बारिश का पानी
Published on

बैरकपुर : शुक्रवार को हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने टीटागढ़ और बैरकपुर नगर क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कुछ ही घंटों की बारिश में कई वार्ड जलमग्न हो गए, जिससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हुईं। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर जाने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों को जलमग्न रास्तों से होकर स्कूल जाना पड़ा, जबकि कार्यालय कर्मियों और दैनिक मजदूरों को भी कठिन परिस्थितियों में अपने कार्यस्थलों तक पहुंचना पड़ा। जलभराव का असर यातायात पर भी पड़ा और कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। बारिश के बीच सबसे चिंताजनक स्थिति घोला थाने में देखने को मिली। थाना परिसर में पानी घुस जाने से पुलिसकर्मियों को एक कमरे से दूसरे कमरे तक जाने के लिए ईंटों का सहारा लेना पड़ा। लॉकअप, कार्यालय कक्ष और थाना प्रभारी के कमरे तक पानी पहुंचने से नियमित प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या अब आम बात बन चुकी है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण थोड़ी देर की तेज बारिश भी पूरे इलाके को संकट में डाल देती है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in