

कोलकाता : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किये गये केंद्रीय बजट को भारतीय जनता पार्टी ने देश और खासकर पश्चिम बंगाल के लिए आशा और विकास का बजट बताया है। भाजपा नेताओं ने इसे आमलोगों का बजट बताया है। विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय बजट को इंडस्ट्री-ओरिएंटेड बजट करार दिया है। उन्होंने कहा कि बजट में इंडस्ट्रियलाइज़ेशन पर जोर दिया गया है और डानकुनी से सूरत तक फ्रेट कॉरिडोर, दुर्गापुर में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसी खास घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 सालों में राज्य की कई औद्योगिक इकाइयां बंद हुई हैं और इससे इंडस्ट्री लगभग खत्म हो गयी है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के बिना रोजगार और रेवेन्यू बढ़ाना मुश्किल है। इस बजट ने ऐसे समय में उद्योग के लिए रास्ता दिखाया है। यह अर्थव्यवस्था और बेरोजगार युवाओं के लिए समाधान होगा। उन्होंने कहा कि बजट में सिलीगुड़ी जैसे क्षेत्रों को भी ध्यान में रखा गया है और यह साधारण लोगों के हित में है। शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल के लोगों से आगामी अप्रैल में होनेवाले विधानसभा चुनाव में बदलाव लाने की अपील की ताकि भाजपा केंद्र का जनहितैषी बजट गांवों तक पहुंच सके। राज्य में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का सही लाभ नहीं मिल रहा है। इसे बदलने के लिए बदलाव जरूरी है। इसके अलावा उन्होंने डायबिटीज, ब्लड शुगर और कैंसर जैसी बीमारियों की दवाओं की कीमतें कम करने के कदम की भी सराहना की। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने केंद्रीय बजट को पश्चिम बंगाल के विकास के लिए महत्वपूर्ण और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य को और विकसित करने का प्रयास है, लेकिन असली असर मई में दिखाई देगा, जब वर्तमान सरकार का कार्यकाल समाप्त होगा। उन्हाेंने कहा कि यह बजट देश के किसानों, युवाओं, मिडिल क्लास, महिलाओं और गरीबों के लिए एक प्रैक्टिकल और असरदार दिशा दिखाता है। उन्होंने इसे “विकसित भारत के साथ विकसित बंगाल” का बजट करार दिया।