पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत

परिवार वालों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

पानीहाटी : पानीहाटी नगरपालिका के 28 नंबर वार्ड स्थित पूर्वांचल इलाके में भाजपा कार्यकर्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कृष्णकांत सरकार के रूप में हुई है। परिवार ने उसके तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए घोला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों के मुताबिक 2 अगस्त को पार्टी के काम के सिलसिले में तीन दोस्त कृष्णकांत को घर से बुलाकर ले गए थे। अगले दिन परिवार को खबर मिली कि वह कथित तौर पर ऑटो हादसे में घायल हो गया है। बताया गया कि घटना के बाद दो दोस्त मौके से चले गए, जबकि एक ने कृष्णकांत को पानीहाटी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे आर.जी. कर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 10 अगस्त को उसकी मौत हो गई। हालांकि, परिवार ने हादसे की कहानी पर सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि जिस ऑटो से दुर्घटना होने की बात कही जा रही है, उसे खास नुकसान नहीं हुआ। साथ मौजूद तीनों दोस्तों को भी कोई गंभीर चोट नहीं लगी, जबकि कृष्णकांत के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर पत्नी ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी ने सवाल उठाया कि अगर यह सड़क हादसा था, तो ऑटो पर खरोंच तक क्यों नहीं आई और साथ मौजूद तीनों लोग सुरक्षित कैसे रहे? परिवार का आरोप है कि कृष्णकांत को साजिश के तहत मौत के घाट उतारा गया। पत्नी की शिकायत के आधार पर घोला थाने की पुलिस ने तीनों दोस्तों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को खंगाल रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in