

कोर्ट ले जाते समय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
गायघाटा : उत्तर 24 परगना के गायघाटा में दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने पंचायत समिति की सभापति इला बागची को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार सुबह उनके ठाकुरनगर स्थित बाबूपाड़ा आवास से हुई गिरफ्तारी के बाद इलाके में गहमागहमी तेज हो गई। पुलिस जब उन्हें थाने ले जा रही थी, तब स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्थानीय शिमुलपुर निवासी अर्पिता बिस्वास ने अपनी सास इला बागची, ससुर पिनाकी बागची और पति राहुल बागची के खिलाफ गायघाटा थाने में दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। अर्पिता का दावा है कि वर्ष 2022 में राहुल बागची के साथ प्रेम विवाह के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। आरोप है कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में घर लौटकर उसके साथ मारपीट करता था, जबकि सास दहेज के लिए दबाव बनाती थीं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि गत 15 जून को षष्ठीतला इलाके में इला बागची और उनके समर्थकों ने उस पर हमला किया तथा सार्वजनिक रूप से उसकी पिटाई की। घटना के बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस आधार पर जांच के बाद पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए इला बागची को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इला बागची ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया।