

न्यू बैरकपुर : न्यू बैरकपुर स्थित आचार्य प्रफुल्ल चंद्र (एपीसी) कॉलेज के छात्र संघ (यूनियन) कक्ष से कंडोम समेत कई आपत्तिजनक वस्तुएं और बड़ी संख्या में लाठियां बरामद होने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। घटना से नाराज छात्रों ने यूनियन रूम पर ताला जड़ दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही न्यू बैरकपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सूत्रों के अनुसार, कॉलेज के माहौल को लेकर छात्रों में पिछले कुछ समय से असंतोष था। गुरुवार को कुछ छात्र अचानक यूनियन रूम में पहुंचे, जहां टेबल और फर्श पर कई आपत्तिजनक वस्तुएं पड़ी मिलीं। कमरे के एक कोने से बड़ी संख्या में लाठियां भी बरामद हुईं। शैक्षणिक संस्थान के भीतर इस तरह की सामग्री मिलने से छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में छात्रों ने यूनियन रूम को बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भी कॉलेज गेट पर पहुंचे और परिसर में विरोध-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति पर काबू पाया। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन भी सवालों के घेरे में आ गया है। प्रशासन का कहना है कि परिसर में शांति और अनुशासन बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। यूनियन रूम से बरामद सभी वस्तुओं की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्हें वहां किसने रखा। दोषियों की पहचान होने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।