

हाबरा : उत्तर 24 परगना के हाबरा के श्रीनगर इलाके में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो चनाचूर फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी का खुलासा किया। जांच के दौरान फैक्ट्रियों में बेहद अस्वास्थ्यकर माहौल में खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। इसके बाद दोनों इकाइयों पर ताला लगा दिया गया। फैक्ट्रियों में अधिकारियों ने पाया कि चनाचूर बनाने का कच्चा माल फर्श पर बिखरा पड़ा था। उत्पादन स्थल पर पालतू कुत्ता घूम रहा था और चारों ओर गंदगी व मक्खियों का जमाव था। बाजार में भेजे जाने वाले पैकेटों पर न निर्माण तिथि, न एक्सपायरी डेट और न ही आवश्यक लाइसेंस संबंधी जानकारी दर्ज थी। कार्रवाई के दौरान मानिक साहा और दुलाल साहा की फैक्ट्रियों से बड़ी मात्रा में चनाचूर और पैकेजिंग मशीनें जब्त कर दोनों फैक्ट्रियों पर ताला लगा दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिया राणा ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि लाइसेंस होने के बावजूद संचालक खाद्य सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। जांच में शिकायतें सही पाई गईं। उन्होंने कहा कि इस तरह तैयार खाद्य पदार्थ लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।