

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : 49वां कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले का शुक्रवार को पहला दिन और ऊपर से सरस्वती पूजा। इस मौके पर पुस्तक प्रेमियों की भीड़ देखते बनी। इस दिन सरस्वती पूजा होने की वजह से कई संस्थानों व ऑफिसों में छुट्टी थी, जिस वजह से बोई मेला प्रांगण में लोग काफी संख्या में उमड़े थे। कोई अपने परिवार, तो कोई अपने दोस्तों के साथ यहां पहुंचा था। इस बारे में बुक फेयर के अध्यक्ष त्रिदीव कुमार चटर्जी ने बताया कि पुस्तक मेले के पहले दिन और सरस्वती पूजा होने की वजह से शुक्रवार काे 2 लाख से ज्यादा लाेग यहां घूमने पहुंचे। उन्होंने कहा कि मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ने से इस बार भीड़ ज्यादा उमड़ी है और आने वाले दिनों में भी उम्मीद कर रहे हैं कि अच्छी भीड़ होगी। बता दें कि सॉल्टलेक सेक्टर 5 से लेकर हावड़ा मैदान तक पूरी तरह से मेट्रो कनेक्ट हो गई है। ऐसे में इस बार काफी दूर दूर से भी लोग यहां घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। इस साल बुक फेयर में तीन यात्री-अनुकूल सुविधाएं दी गई है, जिसमें गेट नंबर 1 और 2 के बीच फेयर ग्राउंड में एक खास मेट्रो टिकट बूथ, गेट 1 के बाहर एक ऐप कैब बूथ और ग्रीन लाइन पर मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई गई है। सभी मेले वाले दिनों में सॉल्टलेक सेक्टर 5 से आखिरी मेट्रो रात करीब 10 बजे निकलेगी। ऐसे में परिसर में लगे विभिन्न भाषा की पुस्तक के स्टॉलों में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ लगी थी।
हिंदी पुस्तक के स्टॉलों पर भी दिखी भीड़
पुस्तक मेले में बांग्ला, अंग्रेजी समेत अन्य भाषाओं के स्टॉलों के साथ हिंदी भाषा के पुस्तक स्टॉलों पर भी पुस्तक प्रेमियों की काफी भीड़ दिखी। कोई पुस्तक प्रेमी प्रेमचंद्र की किताब तो कोई कहानियों की किताब खरीदता हुआ दिखा। यहां मौजूद दुकानदारों के मुताबिक पिछले साल की तुलना में इस साल स्टॉल में हिंदी की पुस्तकों के स्टॉक में वृद्धि हुई है। कई नए लेखकों की पुस्तक और नई कहानियां, उपन्यास के लिए विदेश से भी पुस्तक प्रेमी पुस्तक मेले में पहुंचे। कोलकाता का पुस्तक मेला सिर्फ बंगाल में ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में भी काफी चर्चित है।
कई स्टॉल्स का हुआ उद्घाटन
ऐसे तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार, 22 जनवरी को पुस्तक मेले का आधिकारिक उद्घाटन कर दिया है, मगर कई स्टॉल्स का शुक्रवार को अनौपचारिक तौर पर उद्घाटन किया गया। इस सूची में अन्य स्टाॅल्स के साथ इंडिया पोस्ट का स्टॉल भी शामिल था। इस दिन यहां स्टॉल का उद्घाटन करने के दौरान पश्चिम बंगाल पोस्टल सर्कल के पीएमजी एसबी रीजन के पोस्टमास्टर जनरल रीजू गांगुली ने बताया कि लोग अगर चाहें तो इस स्टॉल पर आकर पुस्तक जहां भेजना है वहां की बुकिंग कर सकतें हैं और अपने दोस्त या रिश्तेदारों तक आसानी से उन्हें पहुंचा सकते हैं।