सीमा पर 25 करोड़ का सोना बरामद, महिला गिरफ्तार

फूलबाड़ी इलाके में BSF की बड़ी कार्रवाई, 15.607 किलो सोने के बिस्कुट जब्त
सीमा पर 25 करोड़ का सोना बरामद, महिला गिरफ्तार
Published on

नदिया : भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे नदिया के बनपुर स्थित फूलबाड़ी इलाके में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया है। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। BSF की 32वीं बटालियन को रविवार तड़के गुप्त सूचना मिली थी कि फूलबाड़ी सीमा क्षेत्र में भारी मात्रा में सोने की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर जवानों ने इलाके में अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में सोने के बिस्कुट बरामद हुए। BSF के मुताबिक, जब्त सोने का कुल वजन 15 किलो 607 ग्राम है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 24 करोड़ 95 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में सोने की बरामदगी के बाद सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फूलबाड़ी इलाका बांग्लादेश सीमा के बेहद करीब होने के कारण जांच एजेंसियों को आशंका है कि बरामद सोने को सीमा पार भेजने की तैयारी की जा रही थी। फिलहाल गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोना कहां से लाया गया था, इसे किसे सौंपा जाना था और तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in