कालियागंज में जंगल के बीच सजेगा ‘भूतों का साम्राज्य’

कालियागंज में जंगल के बीच सजेगा ‘भूतों का साम्राज्य’
Published on

कालियागंज : उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज स्थित पाबना कॉलोनी में इस बार दुर्गापूजा में श्रद्धालुओं को पूजा के साथ डर और रोमांच का भी अनुभव मिलने वाला है। प्रतिमा संघ सार्वजनिक दुर्गोत्सव कमेटी ने इस वर्ष ‘हॉन्टेड फॉरेस्ट’ थीम पर पूजा आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को खूंटी पूजा के साथ ही शारदीय उत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ किया गया।कमेटी के प्रमुख सदस्यों में शामिल स्थानीय पार्षद गौरांग दास ने बताया कि करीब 30 बीघे के जंगल क्षेत्र को थीम के अनुरूप सजाया जाएगा। घने जंगल के बीच कई संकरे रास्ते बनाए जाएंगे, जहां से होकर दर्शकों को गुजरना होगा। इन रास्तों पर करीब 20 से 25 कलाकार भूतों का रूप धारण कर मौजूद रहेंगे। उनका दावा है कि प्राकृतिक माहौल के बीच तैयार किया जा रहा यह ‘भूतों का जंगल’ दर्शकों को वास्तविक डर का एहसास कराएगा।गौरांग दास ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिन लोगों का दिल कमजोर है या जो जल्दी डर जाते हैं, उन्हें इस जंगल में प्रवेश करने से बचना चाहिए।

हालांकि छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के मनोरंजन को ध्यान में रखकर पूरी व्यवस्था की जाएगी। कमेटी के अनुसार, प्रतिमा संघ हर वर्ष प्राकृतिक वातावरण का उपयोग कर अलग थीम प्रस्तुत करता है। पिछले वर्षों में जंगल आधारित ‘अमेजन’ थीम भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी थी। इस बार भी बड़े बजट की पूजा को टक्कर देने के लिए सीमित संसाधनों में प्राकृतिक परिवेश को ही मुख्य आकर्षण बनाया जा रहा है।घने जंगल में सांप और कीड़े-मकौड़ों की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। किसी दर्शक की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मौके पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस रखने की योजना है। जरूरत पड़ने पर मरीज को अस्पताल पहुंचाया जाएगा।जंगल के पास ग्रामीण हाट भी लगाया जाएगा, जहां चाय-नाश्ते समेत विभिन्न दुकानें रहेंगी। खूंटी पूजा के दौरान आयोजकों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in