

हाबरा : सरकारी बस में किराया मांगने को लेकर महिला यात्री और कंडक्टर के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बहस के दौरान महिला ने कंडक्टर को कई थप्पड़ जड़ दिए। घटना के बाद कंडक्टर महिला को साथ लेकर हाबरा थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। वहीं, महिला यात्री ने भी कंडक्टर पर मारपीट और बदसलूकी का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ई-41 रूट की हाबरा-आसनसोल सरकारी बस आसनसोल से हाबरा लौट रही थी। बारासात के रिजेंट इलाके से एक महिला बस में सवार हुई थी। दत्तपुकुर से बीरा के बीच किराये को लेकर विवाद शुरू हुआ। महिला यात्रियों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा के तहत कंडक्टर ने उनसे पहचान पत्र मांगा। महिला ने पहचान पत्र की फोटो कॉपी दिखाई। कंडक्टर का कहना है कि मुफ्त यात्रा के लिए मूल पहचान पत्र या पिंक कार्ड दिखाना जरूरी है। इनमें से कोई दस्तावेज नहीं होने पर महिला से किराया देने को कहा गया। कंडक्टर के मुताबिक, महिला ने किराया देने से इनकार कर दिया। बस से उतरने की कोशिश करने पर उसे पहले किराया चुकाने के लिए कहा गया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने कंडक्टर को कई बार थप्पड़ मारे। वहीं, महिला यात्री ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका दावा है कि कंडक्टर ने उन्हें बस में रोककर उनके साथ बदसलूकी की। उन्होंने गला दबाने और गर्दन पर पैर रखने का भी आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, उन्हें दत्तपुकुर में उतरना था, लेकिन वहां उतरने नहीं दिया गया और बस बीरा तक चली गई। बस में गिरने के बाद विवाद बढ़ा और इसी दौरान उन्होंने कंडक्टर को थप्पड़ मारा। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर हाबरा थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस बस में हुई घटना और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के लिए संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।