

बैरकपुर : भाटपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित काकीनाड़ा गंगा घाट पर रविवार दोपहर स्नान के दौरान एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्र गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा युवक की तलाश शुरू की गई। लापता छात्र की पहचान काकीनाड़ा जूट मिल की 8 नंबर लाइन निवासी प्रशांत यादव के रूप में हुई है। उसके पिता आलोक देव यादव जूट मिल में श्रमिक हैं। उच्च माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद प्रशांत ने हाल ही में कॉलेज में दाखिला लिया था। परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे प्रशांत अपने जीजा के साथ गंगा में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में लापता हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही भाटपाड़ा थाना पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम को सूचना दी गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि बचाव दल के घटनास्थल पर देर से पहुंचने के कारण राहत एवं खोज अभियान प्रभावित हुआ। समाचार लिखे जाने तक प्रशांत का कोई सुराग नहीं मिला था।