शांतिपुर : नदिया के शांतिपुर में 11वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घोरालिया कुंडूपाड़ा इलाके में बुधवार की रात घर के कमरे से नाबालिग का फंदे से लटका शव बरामद हुआ। परिजनों ने उसके प्रेमी पर ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे छात्रा कमरे में अकेली थी और मोबाइल पर बात कर रही थी। देर रात आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर उसका शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई रोहित साहा का आरोप है कि छात्रा का एक युवक से प्रेम संबंध था। कुछ समय से वह इस रिश्ते से बाहर निकलना चाहती थी, जिसके बाद युवक कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल करने के साथ मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परिवार का दावा है कि इसी वजह से छात्रा मानसिक रूप से परेशान थी। परिजनों ने छात्रा की एक डायरी भी पुलिस को सौंपी है, जिसमें कथित तौर पर रिश्ते और युवक से मुलाकात से जुड़ी बातें दर्ज हैं। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।