

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को भाजपा ने पूरे राज्य में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों में पार्टी उम्मीदवारों ने भारी जनसमर्थन और उत्साह के बीच अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान जिला एवं महकमा कार्यालयों के आसपास भव्य शोभायात्राएं, विशाल रैलियां और अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया। राज्य के डोमकल, तेहट्ट, तमलुक, खड़गपुर, मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, दिनहाटा, तूफानगंज, जलपाईगुड़ी, इस्लामपुर, कलिम्पोंग, दार्जिलिंग, मालदा, जंगीपुर और बहरमपुर सहित कई इलाकों में भाजपा उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। हर जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह चरम पर रहा।
इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें जगन्नाथ सरकार, अभिजीत गंगोपाध्याय, शुभेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, लॉकेट चटर्जी, सोनाली मुर्मू, विष्णु देव साय, शमीक भट्टाचार्य, सुकांत मजुमदार, जयंत कुमार राय, अनुराग ठाकुर, राजू बिस्ता और खगेन मुर्मू प्रमुख रूप से शामिल रहे। जलपाईगुड़ी संगठनात्मक जिले के मयनागुड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार डालीम राय के नामांकन के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजुमदार भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। वहीं झाड़ग्राम एसडीओ कार्यालय में आयोजित रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। खड़गपुर में भी नामांकन से पहले आयोजित विशाल शोभायात्रा में रेखा गुप्ता, शुभेंदु अधिकारी और दिलीप घोष की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।