

अदालत ने आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
उत्तर 24 परगना : जिले के बनगांव में ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश और विरोध करने पर उसकी हत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता और उसके परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, छात्रा ट्यूशन समाप्त कर साइकिल से घर लौट रही थी। रास्ता सुनसान होने का फायदा उठाकर आरोपी मिजानुर मंडल ने उसे रोक लिया और कथित तौर पर दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या करने की भी कोशिश की। इसी दौरान उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी भाग निकला। घटना के बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने बनगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी मिजानुर मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने खिलाफ लगे आरोप स्वीकार कर लिए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी महिलाओं के साथ अश्लील हरकत करने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। आरोप है कि वह सुनसान रास्तों पर बाइक लेकर खड़ा रहता था और अकेली महिलाओं व युवतियों को देखकर अश्लील इशारे तथा अशोभनीय हरकतें करता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शादीशुदा होने के बावजूद लंबे समय से इस तरह की विकृत गतिविधियों में शामिल रहा है। रविवार को आरोपी को बनगांव महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।