आवास योजना में रिश्वतखोरी का आरोप, टीएमसी पार्षद का पैसे लेते वीडियो वायरल

आवास योजना में रिश्वतखोरी का आरोप, टीएमसी पार्षद का पैसे लेते वीडियो वायरल
Published on

बशीरहाट : आवास योजना में लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोपों से घिरे बशीरहाट नगरपालिका के वार्ड नम्बर 7 के टीएमसी पार्षद कौशिक दत्ता की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एफआईआर दर्ज होने और पुलिस जांच के बीच उनका कथित तौर पर पैसे लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि, सन्मार्ग इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कौशिक दत्ता ने आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कई लाभार्थियों से 25 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक वसूले है। आरोप यह भी है कि योजना की राशि बैंक खाते में आने के बाद भी लाभार्थियों को डराकर पैसे वापस ले लिए जाते थे। मामले में बशीरहाट थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस जांच शुरू कर चुकी है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि उसने अपनी मां के सोने के कान के झुमके गिरवी रखकर आरोपी पार्षद को पैसे दिए थे। इस मामले में गौतम चौधरी उर्फ कालू का नाम भी सामने आया है, जिस पर कथित तौर पर रकम इकट्ठा कर पार्षद तक पहुंचाने का आरोप है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कौशिक दत्त के लापता होने के पोस्टर भी इलाके में लगाए गए थे और तब से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। वहीं, भाजपा नेता डॉ. शौर्य बंद्योपाध्याय ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in