

दुकानदारों से खरीद मूल्य, बिक्री दर और स्टॉक का लिया गया ब्योरा
बैरकपुर : रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर बैरकपुर महकमा प्रशासन और बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने श्यामनगर और शांतिबाजार में औचक जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने दुकानों पर पहुंचकर सामान की मौजूदा कीमत, खरीद दर, बिक्री मूल्य और स्टॉक की स्थिति का जायजा लिया।
खरीद-बिक्री के दामों का लिया हिसाब
शांतिबाजार में बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त टूटुल विश्वास के साथ बैरकपुर प्रशासनिक भवन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने दुकानदारों से चीनी, तेल, दाल, सब्जियों समेत अन्य जरूरी सामान की खरीद और बिक्री कीमत की जानकारी ली। साथ ही खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों और स्टॉक की स्थिति भी जांची गई। अधिकारियों ने यह समझने की कोशिश की कि कीमतों में बढ़ोतरी बाजार की वास्तविक लागत के कारण है या कहीं कृत्रिम रूप से दाम बढ़ाए जा रहे हैं। इस दौरान व्यवसायी बीरू साव ने चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर चिंता जताई। वहीं, एक विक्रेता ने बताया कि वह जिस दर पर चीनी खरीद रहा है, उसमें मामूली मुनाफा जोड़कर ही ग्राहकों को बेच रहा है।
श्यामनगर में भी चला औचक अभियान
इसी क्रम में बैरकपुर ब्लॉक-1 के जॉइंट बीडीओ प्रतीक बनर्जी के नेतृत्व में वासुदेवपुर थाने की पुलिस ने श्यामनगर के फीडर रोड स्थित अन्नपूर्णा बाजार में औचक निरीक्षण किया। टीम ने सब्जी, किराना और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों में आलू, प्याज, चीनी, खाद्य तेल और दाल के दाम तथा उपलब्ध स्टॉक की जांच की।
शिकायत से पहले ही प्रशासन अलर्ट
प्रशासन के मुताबिक मूल्य वृद्धि को लेकर अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, कुछ जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने की जानकारी के बाद एहतियात के तौर पर बाजारों की निगरानी शुरू की गई है। जॉइंट बीडीओ प्रतीक बनर्जी ने कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम लोगों को जरूरी सामान उचित कीमत पर मिले। यदि कहीं जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत सामने आती है, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य बाजार भी प्रशासन के रडार पर
प्रशासन ने साफ किया है कि बाजारों की निगरानी का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में मोहनपुर, पलता और नोआपाड़ा समेत बैरकपुर महकमे के अन्य बाजारों में भी औचक जांच की जाएगी। इस कार्रवाई से प्रशासन ने संकेत दिया है कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी और कालाबाजारी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।