

खड़गपुर के केंद्रीय विद्यालय में होगी कई विधानसभा केंद्रों के वोटों की गिनती
खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले में इस वर्ष होने वाली विधानसभा चुनाव को लिए कुल 4773 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले पश्चिम मिदनापुर जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 4333 थी, लेकिन अब इसमें 440 नए मतदान केंद्रों को जोड़ दिया गया है। जिससे जिले में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 4773 हो गयी है। पश्चिम मिदनापुर जिले के जिलाधिकारी विजन कृष्ण ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के नए नियमों के अनुसार किसी भी मतदान केंद्र में 1200 से ज्यादा वोटर नहीं होने चाहिए। जिसके बाद चुनाव आयोग के इस नियम को देखते हुए जिले में इस वर्ष मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्धि कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए जिले में करीब 27 हजार मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाने का निर्णय़ लिया गया है। इसके अलावा पश्चिम मिदनापुर जिले में इस वर्ष महिला परिचालित मतदान केंद्रों की संख्या को भी बढ़ाने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा होने के साथ ही चुनावी आचार सहिता भी लागू हो गयी है। किसी भी सरकारी प्रतिष्ठान और इमारतों में दीवार लेखन और चुनाव प्रचार करने पर पाबंदी लगा दिया गया है। इसके अलावा ओडिशा से संलग्न पश्चिम मिदनापुर जिले के सीमावर्ती इलाके में नाका चेकिंग भी शुरू कर दिया गया है। दातन, नारायणगढ़, डेबरा, खड़गपुर सदर, खड़गपुर ग्रामीण, पिंगला, सबंग और केसियाड़ी विधानसभा केंद्रों के वोटों की गिनती खड़गपुर शहर के साउथ साइड स्थित केंद्रीय विद्यालय में होगी। पश्चिम मिदनापुर में अभी तक कुल 160 मतदान केंद्रों को संवेदनशील के तौर पर चिन्हित किया गया है। मालूम हो कि विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय वाहिनी की दर्जनों कंपनियां कई दिनों पहले भी पश्चिम मिदनापुर जिले में आ गयी थी। केंद्रीय वाहिनी के जवान पुलिस अधिकारियों को साथ में लेकर खड़गपुर और मिदनापुर समेत पश्चिम मिदनापुर जिले के सभी विधानसभा केंद्रों में रुट मार्च भी कर रहे हैं ताकि सभी मतदाता निर्भयपूर्वक मतदान कर सके।