गंगोत्री से गंगासागर तक बनेगी डबल इंजन सरकार : शमीक भट्टाचार्य

मतदाताओं से निर्भीक होकर वोट देने की अपील की
 शमीक भट्टाचार्य
शमीक भट्टाचार्य
Published on

कोलकाता : 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी के राज्य अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शमीक भट्टाचार्य ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर स्पष्ट दिखाई दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि “गंगोत्री से गंगासागर तक डबल इंजन सरकार” स्थापित होने जा रही है और यह सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद राज्य में इतना निर्भीक और अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण चुनाव देखने को मिल रहा है। पहले चरण में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान हुआ, जिससे लोगों में उत्साह और संतोष का माहौल बना है। भट्टाचार्य ने बताया कि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा और जनता के रुख से स्पष्ट है कि परिवर्तन की चाह पहले से कहीं अधिक मजबूत है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में भी बीजेपी को व्यापक समर्थन मिल रहा है। उनके अनुसार, दार्जिलिंग से लेकर डायमंड हार्बर तक यही रुझान देखने को मिल रहा है। दूसरे चरण को लेकर संभावित अशांति की आशंका जताते हुए उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर वोट देने की अपील की। साथ ही, पर्याप्त केंद्रीय बलों की तैनाती के लिए चुनाव आयोग का आभार भी जताया। भट्टाचार्य ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, उद्योग और संस्कृति के पुनरुत्थान तथा युवाओं के लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित करना बीजेपी की प्राथमिकता है। अंत में उन्होंने सभी मतदाताओं से एकजुट होकर मतदान करने की अपील की और कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य को विकास का नया अवसर मिल सकता है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in