

प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात से सिहर उठी। मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में सोमवार देर रात एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रामनगर चौकी के उपनिरीक्षक राम विलाश को निलंबित कर दिया है, जबकि मामले के खुलासे के लिए एसओजी, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम लगाई गई है।
पुलिस के अनुसार, वारदात रात करीब डेढ़ बजे की है। हमलावर धारदार हथियारों से लैस होकर घर पहुंचे और सो रहे लोगों पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए पीड़ित घर से बाहर भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर बेरहमी से पीटा और मौत के घाट उतार दिया। घटनास्थल की स्थिति से साफ संकेत मिले हैं कि पीड़ितों को दौड़ाकर निशाना बनाया गया।
मृतकों की पहचान श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65), अमरावती देवी (55) और इंद्रावती देवी (60) के रूप में हुई है। तीनों शव घर से कुछ दूरी पर पड़े मिले। हैरानी की बात यह रही कि श्यामलाल की पत्नी फूलकली, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जाती हैं, पूरी तरह सुरक्षित मिलीं।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मृतकों के परिजनों ने गांव के ही एक युवक हिमांशु यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि हिमांशु उनकी रिश्तेदार प्रिया गुप्ता से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर उसने कुछ दिन पहले पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी।
परिजनों का कहना है कि उसी धमकी को अंजाम देते हुए हिमांशु ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हालांकि, एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की एक साथ हत्या ने न केवल गांव बल्कि पूरे प्रयागराज को झकझोर दिया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस खूनी वारदात के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।