

गया जी : बिहार के गया जी जिले में आभूषणों की एक दुकान में हुई लूट की घटना से जुड़े दो कथित अपराधी पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ सोमवार देर रात के गुरुआ थाना क्षेत्र में हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुशील कुमार ने बताया, सोमवार रात करीब 12 बजे गुरुआ थाना को सूचना मिली कि आभूषण दुकान लूटकांड में शामिल संदिग्ध किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्र हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और संदिग्धों से आत्मसमर्पण करने को कहा। हालांकि आरोपियों ने भागने के प्रयास में पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो संदिग्ध घायल हो गए।पुलिस के मुताबिक, घायलों की पहचान श्रवण और सुजीत चौधरी के रूप में हुई है तथा ये दोनों लोग गुरुआ व्यवसायी लूटकांड के मुख्य आरोपी हैं।
कुमार ने बताया कि चौधरी के पैर में तीन गोलियां लगीं जबकि श्रवण के पैर में एक गोली लगी।दोनों को हिरासत में लेकर अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पिछले महीने गुरुआ बाजार स्थित आभूषणों की एक दुकान में हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि 27 मई को हुई इस घटना में एक व्यवसायी को गोली मारने के बाद करीब 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 5 लाख रुपये नकद लूट लिए गए थे।
कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए माल का एक बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है, जिसमें लगभग 20 से 22 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, 30 हजार रुपये नकद और दो पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।