

वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी से बड़ी वारदात सामने आई है। यहां के प्रसिद्ध नमो घाट पर सुरक्षा गार्डों ने एक पर्यटक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घाट पर घूमने को लेकर सोनभद्र से आए दो भाइयों की गार्डों से बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर करीब एक दर्जन की संख्या में आए गार्डों ने दोनों को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई में गंभीर रूप से घायल एक युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने चार गार्डों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोनभद्र से आए दो भाई रविवार की सुबह नमो घाट पर घूमने पहुंचे थे। घाट के प्रवेश द्वार पर मौजूद गार्डों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात बढ़ गई। आरोप है कि मौके पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने पर्यटकों की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान राजेंद्र उर्फ चिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजेंद्र के साथ आए अन्य लोग उसको लेकर अस्पताल दौड़े। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल चार सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य फरार गार्डों की तलाश कर रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं। मौके पर मौजूद नमो घाट के कर्मचारियों और अन्य पर्यटकों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि सोनभद्र से पर्यटकों का एक समूह वाराणसी घूमने आया था। गार्डों ने मामूली बहस में युवक को दौड़ा दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।