यूपी-बिहार का रिश्ता राम-सीता जैसा : योगी आदित्यनाथ
सोनभद्र : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश और बिहार के संबंध की तुलना भगवान राम और देवी सीता के पवित्र संबंध से करते हुए कहा कि दोनों राज्यों का रिश्ता भी ‘अटूट और सुदृढ़’ है। सोनभद्र में आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने 548 करोड़ रुपये की 432 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए योगी ने कहा, उत्तर प्रदेश और बिहार साझा संस्कृति, साझा विरासत और साझा संकल्प के प्रतीक हैं। प्रभु राम और माता जानकी के पवित्र संबंध की तरह दोनों राज्यों का रिश्ता भी अटूट और सुदृढ़ है।
वहां की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर यह संदेश दिया है कि विकास, सुशासन और स्थिरता के लिए डबल इंजन की सरकार पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रहित व विकास की नीतियों को जनता का सशक्त समर्थन मिल रहा है
कांग्रेस-RJD पर हमला बोला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोनभद्र की धरती को उत्तर प्रदेश की ऊर्जा राजधानी, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध संसाधनों के अनोखे संगम की संज्ञा दी। योगी की टिप्पणी इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि यह बिहार में राजग द्वारा महागठबंधन को हराकर सत्ता बरकरार रखने के एक दिन बाद आयी है।
योगी ने उत्तर प्रदेश और बिहार में NDA सरकारों के विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा, जबकि कांग्रेस-RJD गठबंधन पर ‘जंगल राज’, अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर हमला बोला।

