गोकशी कांड के दो मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद दबोचे गए

देशी तमंचे, कारतूस व औजार बरामद, गोवध निवारण व पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

मेरठ : मेरठ के थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और स्वाट (एसडब्ल्यूएटी) की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गोकशी के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी और कहा कि मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (दौराला) शिव ठाकुर ने बताया कि आरोपियों का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, संयुक्त टीम जटौली कट के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार लोग पुलिस को देखकर भागने लगे।

पुलिस का कहना है कि घेराबंदी करके पकड़ने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।

पुलिस की जवाबी गोलीबारी में जावेद (24) और शाह आलम (27) के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया और फिर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, मौके से फरार आरोपी की पहचान शोएब उर्फ कादिर उर्फ छोटू के रूप में हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 13 सितंबर को कंकरखेड़ा क्षेत्र के जंगेठी गांव में हुई गोकशी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, 315 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, गोली के दो खोखे और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में कंकरखेड़ा थाने में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं 3/5/8 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्यवाही जारी है।

सांकेतिक फोटो
राजस्थान निकाय चुनाव नतीजों पर मायावती ने उठाए सवाल
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in