राजस्थान निकाय चुनाव नतीजों पर मायावती ने उठाए सवाल

मायावती का आरोप, बसपा उम्मीदवारों को जबरन हराया गया
मायावती
मायावती
Published on

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में सरकारी मशीनरी की ‘गड़बड़ी के कारण’ उनकी पार्टी के कई उम्मीदवारों को पुन: मतगणना के बाद मामूली अंतर से ‘जबरन हरा’ दिया गया।

मायावती ने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो उनकी पार्टी राजस्थान में इससे बेहतर नतीजे हासिल कर सकती थी।

बसपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, राजस्थान में हुए निकाय चुनाव में बसपा ने भी इस बार 19 सीट पर अपने पार्षद जिताकर भेजे हैं और काफी उम्मीदवार सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी की वजह से पुन: मतगणना में जबरन मामूली अंतर से हरा दिए गए हैं, वरना पार्टी का यहां और भी अच्छा नतीजा आ सकता था।

मायावती ने राजस्थान निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इससे पहले पंजाब सहित देश के कुछ अन्य राज्यों में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी ने पहले से बेहतर प्रदर्शन किया है और इसके लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।

मायावती ने उम्मीद जताई कि पंजाब समेत विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव में भी बसपा के सभी लोग पार्टी के लिए बेहतर नतीजे हासिल करेंगे।

राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, घोषित चुनाव परिणामों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने 4,179 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को 3,613, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को 63, आम आदमी पार्टी को 42, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी को 38, बहुजन समाज पार्टी को 19 और भारत आदिवासी पार्टी को आठ वार्डों में जीत मिली।

भारतीय जनता पार्टी ने जयपुर, उदयपुर, कोटा और भीलवाड़ा नगर निगमों में बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस ने बीकानेर में बहुमत का आंकड़ा पार किया।

मायावती
गर्भवती की संदिग्ध मौत पर बवाल, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in