बलिया में मुठभेड़ के बाद बिहार के 2 शातिर अपराधी गिरफ्तार

पुजारी को डराकर मंदिर से चांदी की छतरी और प्रतिमा लूटने वाले अपराधी पकड़े गए
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on: 

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बिहार के रहने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, दोनों पर शिव मंदिर के पुजारी को डराकर और उनके हाथ-पैर बांधकर नाग बाबा की प्रतिमा तथा चांदी की छतरी लूटने और गाजीपुर जिले के एक अन्य मंदिर में चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे रसड़ा पुलिस लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर जांच कर रही थी कि इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक इनोवा कार आती दिखाई दी।

शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कार रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार का पीछा किया, तो खुद को घिरता देख कार सवार लोगों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मोतिहारी जिले के जीशान आलम (42) और चंद्रशेखर कुमार (38) के रूप में हुई है। जीशान के दाहिने और चंद्रशेखर के बायें पैर में गोली लगी है।

शुक्ला ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बिहार के तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर 30 अक्टूबर की रात लखनेश्वर डीह स्थित शिव मंदिर के पुजारी को डराया-धमकाया और उनके हाथ-पैर बांधकर नाग बाबा की प्रतिमा तथा उस पर लगी चांदी की छतरी लूट ली थी।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, उन्होंने 11 अक्टूबर की रात गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर में भी चोरी की थी।

पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उनके कब्जे से लूटी गई नाग बाबा की प्रतिमा और उस पर लगी चांदी की छतरी के अलावा पंच मंदिर से चोरी किए गए राधा-कृष्ण के मुकुट को गलाकर बनाई गई चांदी बरामद की गई है। पुलिस ने एक लोहे की रॉड, एक प्लास, एक पेचकस, टेप, दो देशी तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं।

सांकेतिक फोटो
उत्तर प्रदेश ने गत नौ साल में सुरक्षा, सुशासन की एक नयी यात्रा तय की है : योगी
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News