उत्तर प्रदेश ने गत नौ साल में सुरक्षा, सुशासन की एक नयी यात्रा तय की है : योगी

UP
उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ
Published on

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को कहा कि राज्य ने गत नौ साल में सुरक्षा, सुशासन की एक नई यात्रा तय की है।

उन्होंने कहा कि 20 वर्ष पहले राज्य की राजधानी लखनऊ में लोगों को जाम, संकरी गलियों और गंदगी की वजह से मुस्‍कराने के बजाय रोने पर मजबूर होना पड़ता था।

मुख्‍यमंत्री ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं की मौजूदगी में लखनऊ छावनी को आदर्श छावनी के रूप में विकसित करने के लिए 12 विकास परियोजनाओं के भूमि पूजन एवं शिलान्यास के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश ने गत नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में सुरक्षा, सुशासन की एक नयी यात्रा तय की है।’’

'...मुस्कुराने के बजाय रोने पर मजबूर होना पड़ता था'

उन्होंने कहा, ‘‘जब हम प्रदेश की राजधानी लखनऊ को देखते हैं तो आज से 20 वर्ष पहले लखनऊ रेलवे स्टेशन पर एक बोर्ड पर लिखा होता था- मुस्कुराइये आप लखनऊ में हैं, लेकिन तब लखनऊ में लोगों को जाम, संकरी गलियों और गंदगी की वजह से मुस्कुराने के बजाय रोने पर मजबूर होना पड़ता था।’’ योगी ने कहा, ‘‘आज मैं कह सकता हूं कि लखनऊ ने अपनी पुरानी विरासत के साथ आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में नयी पहचान बनायी है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘2017 के पहले उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट था, यह एक ऐसा प्रदेश था जहां पर अभाव था, अराजकता थी, अव्‍यवस्‍था थी, उपद्रव था, लेकिन आज राज्य इन सबसे उबर चुका है। अब उत्तर प्रदेश में अभाव नहीं है, अब यह भारत की अर्थव्यवस्था में विकास इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है।’’ योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा और रक्षामंत्री के नेतृत्व में राज्य में छह रक्षा गलियारे स्थापित हो रहे हैं। प्रदेश आज अपने आधारभूत ढांचा के लिए, एक्सप्रेसवे के लिए जाना जाता है।

मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लखनऊ मेट्रो के दूसरे चरण को रक्षामंत्री ने भारत सरकार से स्वीकृति दिलवाई। देश की पहली रैपिड रेल और देश की पहली वॉटरवे की शुरुआत उत्तर प्रदेश में हुई। उन्होंने कहा कि राज्य के पास विमान संपर्क का सबसे बड़ा नेटवर्क है जिसमें 17 घरेलू और पांच अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे क्रियाशील हैं। योगी ने लखनऊ में ऊदा देवी पासी और महाराजा बिजली पासी की धरोहर को गिनाते हुए कहा कि अब दूसरी तरफ भारत की रक्षा आवश्यकता और आत्मनिर्भरता की दृष्टि से ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों का केंद्र भी लखनऊ बना है। उन्होंने राजनाथ सिंह की सराहना करते हुए कहा कि यह सब श्रद्धेय अटल जी (पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी) के सपनों को साकार करने के लिए रक्षा मंत्री के मार्गदर्शन और उनकी प्रेरणा से संभव हो पाया है।

योगी ने छावनी परिषद में ठोस कचरा प्रबंधन कार्यक्रम और अन्य परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस वर्ष गोमती नदी को स्वच्छ बनाने में सफल होंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त छावनी परिषद यहां रहने वालों के लिए महत्वपूर्ण सेवा उपलब्ध होगी। इस मौके पर उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक, समाज कल्‍याण राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, राज्‍यसभा सदस्‍य दिनेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in