

गोरखपुर: पीपीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम करतहरी के पास राप्ती नदी में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां नहाते समय रील बना रहे युवकों में से दो की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, करीब 10 युवक नदी में नहा रहे थे और मोबाइल से वीडियो (रील) बना रहे थे। इसी दौरान सात युवक पानी में उतरे, जिनमें से दो गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार, गोताखोरों ने पहले शिवम कुमार (निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही) का शव बरामद किया। इसके बाद पीएसी की 26वीं वाहिनी के गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने कई घंटे की मशक्कत के बाद गोलू कुमार (उम्र करीब 19 वर्ष) का शव भी बाहर निकाल लिया।
घटना के दौरान सदर तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस की शुरुआती जांच में नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई हादसे की वजह मानी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या अन्य जलाशयों में नहाते समय सतर्क रहें और सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे स्टंट या रील बनाने से बचें।