कोलकाता में रेल मंत्री ने मेट्रो और ऑटो से किया सफर

यात्रियों व सफाईकर्मियों से की बातचीत
कोलकाता में रेल मंत्री ने मेट्रो और ऑटो से किया सफर
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने कोलकाता दौरे के दौरान जय हिंद स्टेशन से नोआपाड़ा स्टेशन तक कोलकाता मेट्रो में यात्रा की। इस दौरान उन्होंने सहयात्रियों से बातचीत कर उनकी यात्रा के अनुभवों को जाना और मेट्रो सेवाओं के संबंध में उनके सुझाव एवं प्रतिक्रियाए लीं। मेट्रो स्टेशन पर रेल मंत्री ने सफाईकर्मियों से भी मुलाकात की और स्टेशन परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की। दरअसल कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद रेल मंत्री सीधे जय हिंद (एयरपोर्ट) मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने यात्रियों से बातचीत की और मेट्रो सेवाओं के बारे में उनका अनुभव जाना।

रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि रेल मंत्री ने कोलकाता मेट्रो में सफर के दौरान यात्रियों से बातचीत कर सेवाओं पर उनका फीडबैक लिया। मेट्रो यात्रा के बाद अश्विनी वैष्णव नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ निर्धारित बैठक के लिए रवाना हुए। नोआपाड़ा क्षेत्र में यातायात की स्थिति को देखते हुए उनका वाहन बेलघरिया एक्सप्रेसवे स्थित प्रमोदनगर में खड़ा किया गया था। ऐसे में रेल मंत्री नोआपाड़ा मेट्रो स्टेशन से प्रमोदनगर तक ऑटो रिक्शा से पहुंचे और वहां से कार द्वारा नवान्न रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने न्यूनतम सुरक्षा व्यवस्था के साथ सामान्य यातायात नियमों का पालन किया। मेट्रो और ऑटो रिक्शा से यात्रा को आम यात्रियों से सीधे जुड़ने और उनकी जरूरतों को समझने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in