

चित्रकूट : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने सोमवार को बताया कि यह हादसा रविवार देर रात करीब 2.30 बजे मऊ तहसील में रायपुरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तहत रामनगर के पास हुआ।
जिलाधिकारी के अनुसार, लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में चित्रकूट के धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद लौट रहे थे, तभी उसका कपलिंग हुक निकल गया, जिससे ट्रॉली का नियंत्रण खो गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
उन्होंने कहा कि ट्रॉली के पलटने के बाद उसमें सवार लोग उसके नीचे फंस गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रायपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
उन्होंने बताया, घायलों को रामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो पुरुषों और दो बच्चों समेत चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 12 घायलों में से सात गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि पांच को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को प्रयागराज के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
जिलाधिकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 20-25 लोग सवार थे। गर्ग ने बताया कि उन्होंने और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और हादसे के हालात तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।