

बलिया : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (STF) ने बलिया जिले से 35 वर्षीय एक कथित अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान फेफना थाना क्षेत्र के थम्हनपुरा गांव निवासी नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है। उसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर पकड़ा गया, जो इस हत्याकांड की जांच कर रही है।
STF अधिकारियों के मुताबिक, 19 मई को वाराणसी इकाई की टीम बलिया पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी के कब्जे से हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद किया गया। STF इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह की शिकायत पर फेफना थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बलिया के ही एक अन्य अपराधी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मन्नू और उसके दो सहयोगियों ने उसे हथियारों से भरा बैग सौंपा था। बाद में STF ने राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक कार शोरूम से हथियार बरामद किए, जिनमें 3 पिस्तौल, 2 रिवाल्वर और 45 कारतूस शामिल हैं। बरामद हथियारों में 1पिस्तौल अमेरिका निर्मित भी है।
अधिकारियों ने बताया कि नवीन कुमार सिंह के खिलाफ पहले से भी रंगदारी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में मऊ जेल भेज दिया गया है।
इस मामले में एक अन्य आरोपी राज कुमार सिंह को पहले ही मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 2 अन्य आरोपी फरार हैं। जांच एजेंसियां उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी हैं।