‘कच्छा-बनियान’ गिरोह का कहर : दो गांवों के 5 घरों में डकैती, सोना-चांदी और नकदी लूटी

रेकी कर पहुंचे बदमाशों ने दीवार फांदकर की वारदात, पुलिस टीमें जांच में जुटीं
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

बदायूं : बदायूं जिले में ‘कच्छा-बनियान’ गिरोह के हथियाबंद बदमाशों ने मुस्तफाबाद और सिठौली गांवों में पांच घरों में डकैती की। इस दौरान परिवारों को बंधक बनाया गया और कई लोगों को घायल कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के हथियारबंद बदमाश दीवार फांदकर किसान निजाकत के घर में दाखिल हुए और परिवार को बंधक बना लिया।

उसने बताया कि विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया जिसमें महिलाओं समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, बदमाश चार तोला सोना, करीब तीन किलोग्राम चांदी और 1.25 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने घर में तैयार मुर्ग गोश्त खाने से इनकार करने के बाद महिलाओं से मारपीट की और उन्हें सिर्फ सब्जियां खाने की चेतावनी दी।

इसके बाद गिरोह ने सिठौली गांव में चार अन्य घरों को निशाना बनाया और नकदी तथा जेवरात लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस के अलावा बिल्सी और उघैती समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) बिल्सी के.के. तिवारी और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डॉ. हृदेश कठेरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश कुमार कठेरिया ने बताया कि बदमाशों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी। उन्हें घरों की पूरी जानकारी थी।

मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई हैं। गिरोह की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बरेली रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय कुमार साहनी ने भी घटनास्थल का दौरा किया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in