कूड़ेदान खरीद में घोटाला : पूर्व एडीएम, एसडीएम समेत 12 लोगों पर FIR दर्ज

जांच में टेंडर के नियमों के उल्लंघन की बात भी सामने आई
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

महराजगंज : उत्तर प्रदेश में महाराजगंज जिले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने घुघली नगर पंचायत में कूड़ेदान खरीदने के नाम पर कथित आर्थिक अनियमितता एवं सरकारी धन के गबन के मामले में पूर्व अपर जिलाधिकारी (एडीएम), उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तथा नगर पंचायत के अधिकारियों समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अधिकारियों के अनुसार, मामला वर्ष 2018 में घुघली नगर पंचायत द्वारा 100 लीटर क्षमता वाले 200 कूड़ेदान खरीदने से जुड़ा है। जांच में पता चला कि स्थानीय बाजार में एक कूड़ेदान की कीमत 2,400 से 3,400 रुपये के बीच थी, जबकि टेंडर 14,160 रुपये प्रति कूड़ेदान की दर से मंजूर किया गया। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका सामने आई।

जांच में टेंडर के नियमों के उल्लंघन की बात भी सामने आई है। जांच के अनुसार, खरीद प्रक्रिया शुरू होने के करीब पांच साल बाद 20 मई और 21 अगस्त 2023 को सौरभ एग्रो केमिकल्स को 13.68-13.68 लाख रुपये की दो किस्तों में कुल 27.36 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

मामले में पूर्व एडीएम इंद्रभूषण वर्मा, पूर्व एसडीएम सत्य प्रकाश मिश्रा, पूर्व कार्यकारी अधिकारी लव कुमार मिश्रा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला देवी और मौजूदा अध्यक्ष संतोष जायसवाल के नाम शामिल हैं।

इनके अलावा एक पूर्व क्लर्क, अन्य अधिकारियों और तीन फर्म संचालकों को भी आरोपी बनाया गया है। इनमें सौरभ एग्रो केमिकल्स के संजय सिंह तथा नारायण एग्रो केमिकल्स के लक्ष्मीशंकर सिंह और सीमा सिंह शामिल हैं।

ईओडब्ल्यू ने अजीत सिंह की शिकायत पर जांच की थी। सरकार ने 23 सितंबर 2026 को जांच रिपोर्ट को मंजूरी दी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

जांच अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला पहले लखनऊ में दर्ज हुआ था, जिसे बाद में जांच के लिए वाराणसी स्थानांतरित कर दिया गया। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

सांकेतिक तस्वीर
योगी बोले : 'बटेंगे तो कटेंगे' नारे का मकसद सतर्कता बढ़ाना
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News