

लखनऊ : 'बटेंगे तो कटेंगे' और 'एक हैं तो सेफ हैं' जैसे नारों को लेकर ध्रुवीकरण के लग रहे आरोपों को खारिज करते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन नारों का मकसद चुनाव से पहले मतदाताओं को बांटना नहीं, बल्कि लोगों को उत्तर प्रदेश के ‘पुराने हालात की याद दिलाना और उन्हें सतर्क करना’ था।
एक मीडिया समूह की ओर से यहां आयोजित राइजिंग भारत सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा, आज की युवा पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि करीब 10 साल पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति कैसी थी। उस समय प्रदेश में दंगे, अराजकता, महिलाओं में असुरक्षा, रंगदारी और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति थी।
उन्होंने कहा कि 15 से 27 वर्ष की उम्र के युवाओं को अपने माता-पिता के संघर्ष और उस दौर की परिस्थितियों को समझना चाहिए। 'बटेंगे तो कटेंगे' नारे के संदर्भ में योगी ने सपा सरकार के दौरान मथुरा के जवाहर बाग कांड, मुजफ्फरनगर दंगों और कोसी कलां, अलीगढ़ व बरेली की घटनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हुआ है। जवाहर बाग हिंसा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस घटना में दो पुलिस अधिकारियों समेत कुल 23 लोगों की जान गई थी।
आगामी विधानसभा चुनाव के मुद्दों पर उन्होंने कहा, ‘‘सरकार का जोर सुरक्षा, राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर रहेगा। विकास सबका होगा, लेकिन किसी का तुष्टीकरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जाति एवं धर्म के भेदभाव के बिना सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
मथुरा, अयोध्या और काशी के विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा, धार्मिक स्थल उनके लिए आस्था और संस्कृति के केंद्र हैं, केवल चुनावी मुद्दे नहीं। उनकी सरकार ने प्रदेश में 4,500 से अधिक प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास व पुनरुद्धार का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और मथुरा-वृंदावन सहित कई तीर्थ स्थलों पर जारी विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक और विरासत स्थलों के विकास का काम आगे भी जारी रखेगी।