गो-रक्षा यात्रा पर बढ़ी राजनीतिक हलचल, ब्रजेश पाठक ने विपक्ष की मंशा पर उठाए सवाल

'राम मंदिर पर चुप रहने वाले अब सनातन की बात कर रहे', शंकराचार्य की यात्रा पर डिप्टी सीएम का हमला
Lucknow
सनातन और राम मंदिर पर डिप्टी सीएम का विपक्ष पर प्रहार
Published on

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गो-रक्षा जनजागरण यात्रा को लेकर उठे राजनीतिक सवालों के बीच विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि जो लोग आज सनातन धर्म की चिंता करने का दावा कर रहे हैं, उन्हें पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि जब अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा था, तब उनका क्या रुख था।

ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि जिन राजनीतिक दलों और नेताओं ने पहले राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था, वही अब धार्मिक आस्था की आड़ लेकर जनता को भ्रमित करने और वोट बैंक की राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर उसका उचित जवाब भी देगी।

धन्नीपुर मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे पर उठाए सवाल

उपमुख्यमंत्री ने अयोध्या के धन्नीपुर में मस्जिद निर्माण के लिए आवंटित भूमि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मस्जिद निर्माण के नाम पर देशभर से चंदा जुटाया गया था, लेकिन आज तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि उस धनराशि का उपयोग किस प्रकार किया गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को इस संबंध में पारदर्शी जानकारी मिलनी चाहिए और संबंधित लोगों को इसका जवाब देना चाहिए।

मदरसों की फंडिंग और तुष्टिकरण की राजनीति का लगाया आरोप

ब्रजेश पाठक ने मदरसों की फंडिंग और समय-समय पर सामने आने वाले विभिन्न मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष इन मुद्दों पर कभी सवाल नहीं उठाता। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल तुष्टिकरण की राजनीति करता है और संवेदनशील विषयों पर चुप्पी साध लेता है। उनके अनुसार, इस प्रकारराजनीति समाज को बांटने का प्रयास है, जिसका जनता अब जवाब देने लगी है।

'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर सरकार की प्रतिबद्धता

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए योजनाएं संचालित कर रही हैं। इसके विपरीत विपक्ष समाज को जाति और धर्म के आधार पर विभाजित कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश में लगा हुआ है।

शंकराचार्य की गो-रक्षा जनजागरण यात्रा को लेकर दिया बयान

गौरतलब है कि ज्योतिष पीठाधीश्वर एवं द्वारका-शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार को अपनी 81 दिवसीय गो-रक्षा जनजागरण यात्रा के तहत बाराबंकी पहुंचे थे। इस यात्रा को लेकर समाजवादी पार्टी ने पहले ही प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी साझा की थी, जबकि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी यात्रा का समर्थन किया था।

इसी समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाए और कहा कि धार्मिक विषयों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने वालों की वास्तविक सोच जनता के सामने आ चुकी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और सभी वर्गों के विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए धार्मिक और सामाजिक मुद्दों का सहारा ले रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in