बलिया में पुलिस मुठभेड़ : बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के 7 सदस्य दबोचे गए

सहतवार व बांसडीह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अकबरपुर के पास देर रात मुठभेड़
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on

बलिया : बलिया जिले में पुलिस ने बिजली का तार चोरी करने वाले एक गिरोह से संबंद्ध सात शातिर अपराधियों को बुधवार देर रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो बदमाश गोली लगने से घायल भी हुए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने गुरुवार को बताया कि सहतवार व बांसडीह पुलिस की संयुक्त टीम अकबरपुर गांव के निकट बुधवार देर रात एक बजे वाहनों की जांच कर रही थी तभी दो वाहन समर्थपुर की तरफ से आते हुए दिखाई दिए।

शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने वाहनों को रुकने का इशारा किया लेकिन दोनों वाहन पीछे मुड़कर जाने लगे, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दी। वाहन में सवार लोग नीचे उतरे और कथित तौर पर उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलाईं।

ASP के अनुसार, पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें टिंकू कुमार शाह (37) और शमीम अंसारी उर्फ ​​सोनू (36) पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल शाह और अंसारी के अलावा अरविंद यादव, मन्नू कुमार साह, रोहन कुमार पांडे, फिरोज खान और अभिषेक उर्फ ​​अंशु गौड को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि शाह व अंसारी को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। आरोपी बिजली के तार की चोरी करते थे, जिनके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इनके पास से चोरी का बिजली का तार और अन्य उपकरणों के साथ देसी तमंचा और कारतूस तथा चाकू बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in