

बदायूं/सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश के बदायूं और सुल्तानपुर जिलों में मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनमें से 5 बदमाश गोली लगने से जख्मी हुए हैं।
बदायूं से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने सोमवार देर रात इस्लामनगर इलाके में एक किसान के घर में हुई डकैती के मामले में वांछित 5 आरोपियों को चंदौसी मार्ग पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि 3 आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि गोलीबारी के दौरान कांस्टेबल अनुज चौधरी भी घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशनपाल, मनोज, भूरा, ओमवीर और दीपक के रूप में हुई है। ये सभी संभल और आसपास के जिलों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने उनके पास से विगत 19 20 मई की रात को नजाकत नाम की एक किसान के घर पर हुई डकैती की घटना में लूटे गए गहने भी बरामद किए हैं।
उधर सुल्तानपुर से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अखंड नगर थाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ के बाद लुटेरों के एक गिरोह के 4 कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि इस मुठभेड़ के दौरान जौनपुर जिले के रहने वाले 2 बदमाश संगम तथा हेमचंद्र गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल बदमाशों के साथ-साथ उनके 2 साथियों राजू गौतम और मुकेश पाल को भी गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर 22 और 24 मई को अखंड नगर इलाके में ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात कुबूल की है। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।