लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, दारोगा समेत 6 की मौत, 21 यात्री घायल

मुख्यमंत्री योगी ने शोक जताया, घायलों के समुचित इलाज व मुआवजे के निर्देश
औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर निभा खेड़ा गाँव के पास हुआ हादसा
औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर निभा खेड़ा गाँव के पास हुआ हादसा
Published on

उन्नाव : उन्नाव जिले के औरास क्षेत्र में मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक डबल डेकर एसी बस के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गयी। इस हादसे में बस पर सवार 1 दारोगा समेत 6 लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य पुलिसकर्मियों सहित 21 लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर निभा खेड़ा गांव के पास सुबह करीब सवा 5 बजे हुआ। दिल्ली से बिहार जा रही बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद बस रेलिंग पर लटक गई, जिससे कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे।

औरास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के प्रभारी डॉक्टर अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुल 28 घायलों और मृतकों को अस्पताल लाया गया, जिनमें 6 लोगों को मृत घोषित किया गया।

उन्होंने बताया कि 21 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि 1 महिला को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

तिवारी ने बताया मृतकों में पुलिस दारोगा रवि चरण राम (लगभग 50 वर्ष), गोरखपुर निवासी सुरेश कुमार जायसवाल (40), विदेशी गुप्ता (45), बस्ती निवासी विजय कुमार (24) और 2 अज्ञात लोग शामिल हैं।

दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मियों समेत 21 अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं जिनमें से कुछ को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लेते हुए इसमें हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य करने के तथा घायलों का समुचित इलाज करवाने के आदेश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजन को उचित मुआवजा देने के आदेश भी दिए गए हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in