

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक मकान में आग लगने से पांच बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (मेरठ) अविनाश पांडे ने सिविल अस्पताल में संवाददाताओं को बताया कि घटना किदवई नगर इलाके में रात करीब आठ बजे हुई।
उन्होंने बताया कि इकबाल अहमद के आवास पर आग लगने की सूचना रात आठ बजकर 49 मिनट पर मिली, जिसके बाद पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पांडे ने कहा, ‘‘तीन मिनट के भीतर, डायल 112 पुलिस प्रतिक्रिया वाहन मौके पर पहुंच गया और उसके तुरंत बाद दमकल की गाड़ियां भेजी गईं।’’
पुलिस के मुताबिक, घर में सिलाई का काम होता था और बड़ी मात्रा में कपड़े रखे हुए थे जिससे आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। उन्होंने कहा कि इलाके में संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में चुनौती पेश आती है इसलिए अग्निशमन विभाग के बेड़े में शामिल की गईं नयी मोटरसाइकिलों को भेजा गया। एसएसपी ने बताया कि एक स्थानीय निवासी ने भी फंसे लोगों को निकालने में मदद के लिए सीढ़ी लगाकर बचाव प्रयासों में सहायता की।
उन्होंने कहा कि पड़ोसियों ने सीढ़ी लगाकर प्रथम तल पर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरे तल पर फंसे लोग धुएं और लपटों में घिर गए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को पहुंचने में दिक्कत हुई। बाद में दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और सभी गंभीर रुप से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गयाय़ उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का संदेह है और विस्तृत जांच की जा रही है।
पांडे ने कहा, ‘‘सबसे बड़ी चुनौती आग पर काबू पाना और उसे आसपास के इलाके में फैलने से रोकना था।’’ उन्होंने बताया कि कुछ घायलों का अब भी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘घटना में सात लोग झुलस गये और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में चिकित्सकों ने उनमें से छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।’’ घटनास्थल पर पहुंचे जिला अधिकारी वीके सिंह ने इसे ‘‘हृदय विदारक और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी मशीन या उपकरण में शॉर्ट सर्किट के कारण संभवत: आग लगी होगी।
जिलाधिकारी ने यह भी पुष्टि की कि परिवार ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया गया है और अब तक सरकारी सहायता या मुआवजे की कोई मांग नहीं की गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि दमकल की चार गाड़ियों को काम पर लगाया गया और स्थानीय निवासियों की मदद से घर के अंदर फंसे लोगों को निकाला गया। उन्होंने कहा, ‘‘आग पर काबू पा लिया गया है और जांच के बाद सही कारण स्पष्ट हो जाएगा।’’
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रुखसार (25), महबीश (12), हम्माद (चार), अकदस (चार), नबिया (चार माह) और इनायत (चार माह) के रूप में की गई है, जो किदवई नगर में सुराही वाली मस्जिद के पास गली नंबर तीन के निवासी थे। एसएसपी ने बताया कि घायल महिला अमीर बानो (55) का उपचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत उपायों में तेजी लाने का निर्देश दिया।