गर्भवती की संदिग्ध मौत पर बवाल, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

पति की गिरफ्तारी रोकने की कोशिश में गर्भवती पर कथित पुलिसिया लात
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

फिरोजाबाद : फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में दो उप निरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर लात मारने से एक गर्भवती महिला की मौत के आरोप लगने के बाद निलंबित कर दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सोमवार को उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह और सत्यपाल सिंह, मुख्य आरक्षी मोहन सिंह और अरविंद कुमार तथा आरक्षी भवतोष कुमार और कुलदीप कुमार को लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, शिकोहाबाद के लभऊआ गांव निवासी गौरव को चोरी के मामले में पकड़ने के लिए रविवार रात करीब पौने 12 बजे उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह पुलिस बल के साथ उसके घर पहुंचे थे।

आरोप है कि पति को साथ न ले जाने की गुहार लगाते हुए गर्भवती अंजलि (28) उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह को रोकने की कोशिश करने लगी जिस पर पुलिस अधिकारी ने महिला के पेट पर कथित रूप से लात मार दी। इससे वह गिर गई।

परिजनों के अनुसार गौरव को पुलिस अपने साथ ले गई, जिसके बाद अंजलि की तबीयत बिगड़ गई। उसे शिकोहाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उसने बेटे को जन्म दिया।

परिजनों के मुताबिक, बच्चे के जन्म के बाद अंजलि की हालत और बिगड़ने पर उसे फिरोजाबाद के लक्ष्मी फाउंडेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि अंजलि की मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गौरव को छोड़ दिया। अंजलि की मौत के बाद ग्रामीणों ने थाने में हंगामा किया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अंजलि ने जिस बच्चे को जन्म दिया उसकी हालत भी गंभीर है और उसे आगरा भेजा गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला के शव का देर रात पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

सांकेतिक तस्वीर
ट्रेन से नाबालिग का अपहरण कर हाजीपुर ले जाने वाला युवक गिरफ्तार
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in