

हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र में यमुना नदी में एक नाव पलटने से उस पर सवार छह लोग लापता हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर बचाव और राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुरारा थाना क्षेत्र के भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया में बुधवार शाम यमुना नदी में एक नाव पलट गई जिससे उस पर सवार 9 लोग डूबने लगे।
उन्होंने बताया कि इस घटना में नाव चला रहे धीरू नामक किशोर ने तीन लोगों को बचा लिया लेकिन 5 बच्चों और एक महिला समेत 6 लोगों का पता नहीं चल पाया। सूत्रों ने बताया कि नाव पर सवार लोग ककड़ी और खरबूजे लेने गए थे लेकिन लौटते समय नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
उन्होंने बताया कि नाव पलटने के बाद आकांक्षा (9), रानी (9), बृजरानी (25), लाभयांश (5), महेश (6) और आदित्य (11) लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है। मौके पर मौजूद जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि बचाव कार्य किया जा रहा है।
हमीरपुर से BJP विधायक मनोज प्रजापति ने संवाददाताओं को बताया कि बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की तीन टीम इस काम में लगी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ितों की हर संभव मदद करेगी।
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्ध स्तर पर बचाव और राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना में लापता लोगों की जल्द से जल्द तलाश की जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आदित्यनाथ ने इसके साथ ही जिला प्रशासन को दुर्घटना के कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसे हादसे नहीं होने देने के लिए ठोस प्रबंध करने का भी निर्देश दिया है।