

बुलंदशहर : बुलंदशहर जिले के खुर्जा इलाके में पिछले सप्ताह एक जन्मदिन की पार्टी में एक ही परिवार के तीन युवकों की हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश बृहस्पतिवार सुबह पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में एक इंस्पेक्टर समेत 2 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिनेश कुमार सिंह ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए संवाददाताओं को बताया कि 25 अप्रैल की रात जिले के खुर्जा इलाके में सुभाष रोड पर एक जन्मदिन की पार्टी में हुए विवाद को लेकर तीन युवकों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जीतू सैनी गुरुवार सुबह पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया।
उन्होंने बताया कि तीहरे हत्याकांड मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीम जगह-जगह दबिश दे रही थी। इसी दौरान आज सुबह खुर्जा नगर तथा अनूप शहर थाने की पुलिस एवं स्वाट टीम धराऊ चौकी थाना खुर्जा देहात के पास संदिग्ध वाहनों का निरीक्षण कर रही थी तभी स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिये जिनको संदेह के आधार पर रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की।
एसपी ने बताया कि कुछ दूरी पर झाझर रोड पर बदमाशों की घेराबंदी की गई तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया व दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
सिंह ने बताया कि घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृत बदमाश की पहचान खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के पंजाबियान मोहल्ले के रहने वाले जीतू सैनी के रूप में हुई है और वह हाल में खुर्जा इलाके में हुए तिहरे हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी था तथा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद असलम व थाना अनूपशहर पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी मोहित कुमार को बांह में गोली लगी है। उनका उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा खुर्जा नगर के थाना प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह और स्वाट टीम (स्पेशल वेपन्स एंड टैक्टिल टीम) के मुख्य आरक्षी कपिल नैन की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी है।
सिंह ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक पिस्तौल, कारतूस और स्कूटी बरामद हुई है। सैनी 25/26 अप्रैल की दरमियानी रात खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में सुभाष रोड पर एक जन्मदिन की पार्टी में हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन युवकों अमरदीप (30), मनीष (28) और आकाश (18) की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में पांच अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : गाजियाबाद में 15 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग