

उत्तरप्रदेश में गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां एक बहुमंजिला बिल्डिंग में आग लग गई। देखते ही देख इस आग ने विकराल रूप ले लिया और नौवीं मंजिल की आग ने 12वें फ्लोर तक पहुंच गई और 6 फ्लैट्स को चपेट में ले लिया।
दरअसल, बुधवार सुबह 8.30 बजे 15 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। आग गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के टावर-डी में 9वें फ्लोर पर लगी। देखते ही देखते आग ने छह मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भीषण रूप से लगी कि धुएं का गुबार करीब 5 किमी दूर से दिखाई दे रहा था।
महिलाएं फूट-फूटकर रो पड़ीं
गनीमत रही कि फ्लैट में रहने वाले लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। सीढ़ियों से नीचे की ओर भागे। अपना घर जलते देखकर महिलाएं फूट-फूटकर रो पड़ीं। सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। धुएं की वजह से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। उन्हें तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया।
14 दमकल मौके पर पहुंचीं
सूचना पर फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं। इन फ्लोर्स के कुल छह फ्लैट आग की चपेट में आ गए। सुबह 10.45 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया । अब कूलिंग का काम चल रहा है, धुआं बचा है। सभी प्रभावित फ्लैटों का सारा सामान जलकर राख हो गया है।
एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी ?
माना जा रहा है कि यह आग एसी में शॉर्ट सर्किट से लगी है। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अभी तक किसी जनहानि की कोई खबर नहीं है। एम्बुलेंस और पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है। बिल्डिंग और आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है। लोगों को इलाके से दूर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
पांच फ्लोर के पांच फ्लैट्स चपेट में
गौड़ ग्रीन एवेन्यू की नौवीं मंजिल के एक फ्लैट में लगी आग देखते ही देखते 12वें फ्लोर तक फैल गई और पांच फ्लैट्स को अपनी चपेट में ले लिया। फ्लोर नंबर 9,10,11,12 में आग लगी थी।