कतर्नियाघाट अभयारण्य में तेंदुए के हमले से महिला का हाथ कटा, एक हफ्ते में 5 लोग घायल

तेंदुए के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत
तेंदुए
तेंदुए
Published on

बहराइच : कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में मानव वन्यजीव संघर्ष की दो अलग-अलग घटनाओं में तेंदुओं के हमलों से एक महिला और एक किशोर घायल हो गया। वन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि तेंदुए के हमले के बाद महिला का एक कटा हुआ हाथ घटनास्थल से थोड़ी दूर बरामद हुआ।

प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि अभयारण्य के सेमरी घटही गांव की निवासी शांति देवी (40) शुक्रवार को जंगल के भीतर लकड़ी लेने आयी थी, तभी वहां मौजूद तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।

तेंदुए ने महिला को पूरी तरह से अपनी गिरफ्त में ले लिया और उसकी बांह अपने जबड़े में दबोचकर जंगल के और भीतर घसीटकर ले जा रहा था। इस दौरान वहां वन विभाग की टीम पौधारोपण करा रही थी। वनकर्मियों ने ट्रैक्टर से तेंदुए का पीछा किया, शोर मचाया तो तेंदुआ घायल महिला को छोड़कर चला गया।

उन्होंने बताया कि महिला का कटा हुआ हाथ घटनास्थल से थोड़ी दूर जंगल से बरामद हुआ। वनकर्मी घायल महिला को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से उसे बहराइच जिला अस्पताल भेजा गया है। महिला का उपचार जारी है।

दीक्षित ने बताया कि महिला को पांच हजार रुपए की तत्कालिक सहायता दी गई है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल को एक लाख रूपए दिए जाते हैं और शीघ्र ही यह राशि प्रदान की जाएगी।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को एक अन्य घटना में मझांव गांव में लालू (15) खेत में गेहूं काट रहा था तभी जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। आसपास के खेतों में काम रहे मजदूरों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया।

नाबालिग के हाथ और गर्दन पर थोड़े जख्म हैं लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

DFO ने बताया कि शुक्रवार की घटनाओं को मिलाकर बीते एक हफ्ते में कतर्नियाघाट अभयारण्य में तेंदुओं के हमलों से नागरिकों के घायल होने की कुल पांच घटनाएं हुई हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in