

कानपुर : कानपुर जिले में एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने अपने अपार्टमेंट में लाइसेंसी रिवाल्वर से कथित तौर पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह इसकी मुख्य वजह बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कानपुर देहात के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात शल्य चिकित्सक संदीप सिंह (47) ने रविवार को निराला नगर स्थित अपने घर में कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपनी छाती में गोली मार ली।
सूत्रों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर सिंह की पत्नी कंचन कमरे में गयु और उन्हें खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि परिवार वाले संदीप को रीजेंसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था और शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह या पत्नी के साथ मतभेद ही मुख्य वजह लग रही है। मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। अगर कोई और बात सामने आती है, तो उसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त (साउथ) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहा कि फोरेंसिक टीम ने रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सिंह के पिता राज बहादुर सिंह के अनुसार, उन्होंने रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपने बेटे से बात की थी और उसका हाल-चाल पूछा था।
उन्होंने दावा किया कि बाद में कमरे में रिवॉल्वर ले जाने से पहले सिंह की अपनी पत्नी से बहस हुई थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि इसके बाद सिंह पूजा घर में गए और फिर पूजा स्थल के सामने बैठकर खुद को गोली मार ली।
परिजन ने बताया कि सिंह अपनी पत्नी, चार साल की बेटी और छोटे बेटे के साथ अलग रहते थे जबकि उनके माता-पिता और छोटा भाई लाल बंगला इलाके के परेडवनपुरवा में रह रहे हैं। मृतक डॉक्टर के चचेरे भाई मोहित ने बताया कि सिंह ने दो शादियां की थीं।
उन्होंने बताया कि सिंह की पहली शादी 2007 में कानपुर की एक डॉक्टर से हुई थी मगर 2018 में उनका तलाक हो गया और उसके बाद 2019 में सिंह ने कासगंज की रहने वाली कंचन से शादी की थी। सिंह के पिता राज बहादुर सिंह के मुताबिक शादी के बाद सिंह और उनकी दूसरी पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर अनबन होने लगी थी।